शिमला। शिमला नगर निगम के महापौर एवं सीपीआईएम के राज्य सचिवालय सदस्य संजय
संजय चौहान ने पार्टी प्रत्याशी जगत राम के लिए वोट की अपील करते हुए कहा कि माकपा आम नागरिकों और मेहनतकश जनता के हितों के लिए हमेशा संघर्षरत रही है। लोगों के साथ किसी तरह के अन्याय या उत्पीड़न की सूचना मिलते ही शिमला में पार्टी के लोग सहायता के लिए हर समय उपलब्ध रहते हैं। आम जनता की रक्षा के लिए अन्य किसी भी राजनीतिक दल के पास ऐसा कोई मैकेनिज्म नहीं है। उन्होंने कहा कि जगतराम के पास जनता की सेवा का लंबा अनुभव है। अब बड़ी जिम्मेदारी निभाने के लिए पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार बनाया है।
माकपा नेता ने आरोप लगाया कि प्रदेश में सार्वजनिक सेवाओं- शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, परिवहन आदि का ढांचा बुरी तरह चरमरा गया है। सामाजिकदायित्व की इन सेवाओं को तेजी से निजी हाथों में सौंप कर आम जनता पर आर्थिक बोझ लादा जा रहा है। शिक्षा व स्वास्थ्य का बड़े पैमाने पर व्यापारीकरण किया जा रहा है। यहां निजी विश्वविद्यालयों की तो बाढ़ सी आ गई है, जहां सरकार का न तो शिक्षा की गुणवत्ता पर नियंत्रण है और न ही उनके फीस के ढांचे पर। उन्होंने कहा कि यदि इस स्थिति पर तुरंत रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले समय में आम जनता का जीना दूभर हो जाएगा।
महापौर संजय चौहान के नेतृत्व में हुए इस रोड शो में पार्टी की लोकल कमेटी के सदस्य बलवीर पराशर और प्रेम कायथ सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल थे।
नगर निगम के उपमहपौर एवं माकपा के राज्य सचिवालय सदस्य टिकेंद्र पंवार और सीटू के राज्य सचिव एवं माकपा नेता विजेंद्र मेहरा ने रविवार को सुन्नी में आयोजित पार्टी की एक रैली को संबोधित किया और वोट मांगे। रैली में माकपा और इससे जुड़े विभिन्न सहयोगी संगठनों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया।